विशेष संवाददाता, रायपुर
छत्तीसगढ़ राजस्व पटवारी संघ (प्रांतीय निकाय) के आह्वान पर आज, 3 अगस्त 2026 को प्रदेशभर के पटवारी अपनी विभिन्न लंबित मांगों को लेकर एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर चले गए हैं। पटवारी संघ आज सभी जिला मुख्यालयों पर जोरदार धरना-प्रदर्शन कर रहा है।
संघ के प्रांतीय अध्यक्ष श्री भागवत कश्यप द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस हड़ताल के दौरान प्रातः 12:00 बजे से रात्रि 12:00 बजे तक (पूरे 24 घंटे) प्रदेशभर में किसी भी प्रकार का ऑनलाइन राजस्व कार्य नहीं किया जाएगा।
इन सेवाओं पर पड़ेगा सीधा असर:
- भुइयां पोर्टल: लॉगिन और राजस्व संबंधी सभी काम ठप रहेंगे।
- एग्रीस्टैक पोर्टल: पोर्टल पर काम पूरी तरह बंद रहेगा।
- डिजिटल क्रॉप सर्वे (DCS): सर्वेक्षण एवं डेटा एंट्री रोक दी गई है।
- सत्यापन और अनुमोदन: ऑनलाइन प्रविष्टि, अप्रूवल (Approval) और वेरिफिकेशन (Verification) का काम नहीं होगा।
संघ ने सभी पटवारियों से संगठनात्मक अनुशासन और एकजुटता बनाए रखते हुए इस दौरान किसी भी पोर्टल पर लॉगिन न करने की सख्त अपील की है। पटवारियों के सामूहिक अवकाश पर जाने से आज आम जनता को राजस्व संबंधी कार्यों के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

