बलौदा बाजार:
छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रसिद्ध तीर्थ स्थल गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरा एक माजदा वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस दुर्घटना में महिलाओं और बच्चों समेत कुल 27 श्रद्धालु घायल हो गए हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।
सेल और छांछी मोड़ के पास हुआ हादसा
यह दुर्घटना कसडोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेशनल हाईवे-130बी पर हुई। वाहन में करीब 30 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सेल और छांछी गांव के बीच एक तीखे मोड़ पर चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार माजदा सड़क किनारे पलट गई।
राहत एवं बचाव कार्य
दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पुलिस पेट्रोलिंग टीम और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
- एंबुलेंस और निजी वाहनों के जरिए सभी घायलों को तुरंत कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया।
- चिकित्सकों के अनुसार अधिकांश घायलों को प्राथमिक उपचार दिया गया है।
- गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद कसडोल थाना पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारू कराया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया है और ओवरस्पीडिंग व तकनीकी खामी समेत अन्य संभावित कारणों की जांच की जा रही है।

