महासमुंद। 30 अगस्त को सांकरा थाना क्षेत्र स्थित जोंक नदी के पुराने पुल पर एक तेज रफ्तार कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हुई थी। टक्कर का प्रभाव इतना भयावह था कि दोनों वाहन रेलिंग तोड़ते हुए सीधे उफनती नदी में जा गिरे। हादसे की जद में कुल 7 लोग आए थे। कार चालक, बसना (दुधिपाली) निवासी शिक्षक राजकुमार निषाद की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बाइक सवार भागीरथी साहू नदी के तेज बहाव में बहकर लापता हो गए थे।
5 दिनों का सघन सर्च ऑपरेशन
- संयुक्त अभियान: घटना के तुरंत बाद SDRF, भिलाई और ओडिशा से बुलाई गई NDRF की विशेष टीमें, स्थानीय पुलिस और ग्रामीणों ने मोर्चा संभाला।
- बाइक बरामदगी: तलाशी अभियान के शुरुआती दिनों में ही भागीरथी की क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल नदी से निकाल ली गई थी, लेकिन नदी के तेज बहाव और जलस्तर के कारण उनका कोई सुराग नहीं मिल पा रहा था।
- कई किलोमीटर तक खोजबीन: टीमों ने बोट, गोताखोरों और आधुनिक उपकरणों की मदद से नदी के डाउनस्ट्रीम में कई किलोमीटर तक सघन तलाशी अभियान जारी रखा।
झाड़ियों में फंसा मिला शव
लगातार सर्चिंग के बाद 5वें दिन बलौदाबाजार जिले की सीमा में पड़ने वाले चांदन-सुखरी नदी क्षेत्र में झाड़ियों के बीच एक शव फंसा दिखाई दिया। शिनाख्त करने पर वह लापता भागीरथी साहू का ही निकला। राहत दलों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शव मिलने की पुष्टि होते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है।

