
रायगढ़
रायगढ़। जिले में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर नकेल कसने के लिए रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह के कड़े दिशा-निर्देशन में थाना पूंजीपथरा और थाना लैलूंगा पुलिस ने संयुक्त व सुनियोजित घेराबंदी करते हुए दो अलग-अलग बाइक चोर गिरोहों का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग) समेत कुल 8 आरोपियों को धर दबोचा है। इनके कब्जे से करीब 7 लाख रुपये कीमत की 10 चोरी की मोटरसाइकिलें और 2 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पूंजीपथरा पुलिस के हत्थे चढ़े 6 आरोपी, 9 गाड़ियां जब्त
पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सक्रिय वाहन चोरों पर नजर रखते हुए पुलिस टीम ने तराईमाल और आसपास के इलाकों में दबिश दी। इस कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह के 6 सदस्यों (जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है) को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग कंपनियों की 9 दोपहिया गाड़ियां बरामद की गईं।
लैलूंगा पुलिस ने पल्सर के साथ 2 को दबोचा
वहीं दूसरी ओर, थाना लैलूंगा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चोरी की एक पल्सर मोटरसाइकिल के साथ दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने क्षेत्र के अन्य हिस्सों से भी वाहन पार करने की बात स्वीकार की है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- राजू चौहान (22 वर्ष), पिता- लालसाय चौहान, निवासी- सलखिया (थाना लैलूंगा), हाल मुकाम- तराईमाल
- लक्की सिदार (19 वर्ष), पिता- विजय भारतेंदु, निवासी- तराईमाल (थाना पूंजीपथरा)
- राजेश श्रीवास (21 वर्ष), पिता- विजय श्रीवास, निवासी- छाल, हाल मुकाम- धनवारपारा तराईमाल
- बीर सिंह उर्फ लाल सिंह भगत (20 वर्ष), पिता- रत्थो भगत, निवासी- राताईमाल (जिला रायगढ़)
- सूर्यदेव राम (18 वर्ष), पिता- विनोद राम, निवासी- बाबुसाजबहार (थाना तुमला, जिला जशपुर), हाल मुकाम- खान कॉलोनी तराईमाल
- एक विधि से संघर्षरत बालक (नाबालिग)
- अनिश यादव (22 वर्ष), पिता- शिवचरण, निवासी- राजपुर फुटुपारा (थाना लैलूंगा)
- निलेश यादव (22 वर्ष), पिता- गोविंद, निवासी- पहाड़ लुडेग (थाना लैलूंगा)
बरामद दोपहिया वाहनों की सूची
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 वाहन जब्त किए हैं:
- पल्सर (क्रमांक CG 13 BM 6316)
- यामाहा R15 (क्रमांक CG 13 BH 4121)
- हीरो पैशन प्रो (क्रमांक CG 13 AF 3760)
- सफेद रंग की स्कूटी (क्रमांक CG 13 S 5100)
- बजाज प्लेटिना (क्रमांक CG 13 P 4387)
- हीरो स्प्लेंडर NXG (क्रमांक CG 13 UB 9346)
- टीवीएस विक्टर (क्रमांक CG 14 MM 6243)
- मोटरसाइकिल (क्रमांक CG 14 MV 9707)
- होंडा शाइन (बिना नंबर)
- हीरो सुपर स्प्लेंडर (बिना नंबर / सोल्ड)
संगठित अपराध की धाराओं में जेल दाखिल
एसएसपी शशि मोहन सिंह के स्पष्ट निर्देश हैं कि आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तत्वों पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई की जाए। दोनों थानों की पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सामान्य चोरी के अलावा संगठित अपराध से जुड़ी सुसंगत धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है। सभी बालिग आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है, जबकि अपचारी बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया है।


