![]() |
| काल्पनिक फोटो |
विशेष संवाददाता | कोरबा
एसईसीएल सुभाष ब्लॉक कॉलोनी में पति-पत्नी के बीच उपजे घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। शराब के नशे में घर पहुंचे 29 वर्षीय युवक पर उसकी पत्नी ने तैश में आकर चाकू से हमला कर दिया। चाकू युवक के पैर में लगा, जिससे अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई। मानिकपुर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
शराब के नशे में शुरू हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, मृतक अंकित सोनवानी (29) एसईसीएल कुसमुंडा में पदस्थ हीरा लाल सोनवानी व विभागीय चिकित्सा कर्मी कुमुदनी सोनवानी का बड़ा बेटा था। पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि अंकित अक्सर शराब के नशे में घर आता था और पत्नी प्रिया सोनवानी से विवाद व मारपीट करता था।
घटना वाले दिन भी अंकित शराब पीकर घर पहुंचा, जिसके बाद दोनों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर आक्रोशित पत्नी प्रिया ने चाकू उठाकर अंकित के पैर पर वार कर दिया।
खून का थक्का न जमना बना मौत का मुख्य कारण
चाकू के वार से अंकित के पैर से तेजी से रक्त बहने लगा। कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि चिकित्सकीय जांच में सामने आया है कि अंकित को एक विशेष शारीरिक समस्या थी, जिसके चलते उसके शरीर में रक्त का थक्का (Blood Clotting) सामान्य से काफी देर में बनता था।
चाकू लगने के बाद लगातार खून बहने से उसका रक्तचाप (BP) अत्यधिक नीचे गिर गया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर छोटा भाई आशीष और परिजन कमरे में पहुंचे और गंभीर हालत में अंकित को तत्काल एसईसीएल के विभागीय अस्पताल ले गए।
अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम
विभागीय अस्पताल के डॉक्टरों ने युवक की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे तत्काल निजी उच्च चिकित्सा केंद्र ले जाने की सलाह दी। परिजन जब तक उसे निजी अस्पताल लेकर पहुंचते, रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।
घटना के वक्त मृतक के माता-पिता अपनी ड्यूटी पर थे। मृतक दो भाइयों में बड़ा था और उसका एक छोटा बच्चा भी है।
आरोपी पत्नी पर बीएनएस की धारा 105 के तहत मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पंचनामा व पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने आरोपी पत्नी प्रिया सोनवानी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना कर रही है।
______________________________




